मेदिनीपुर: पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर सदर ब्लॉक अंतर्गत हाथीहल्का क्षेत्र में भीषण राजनीतिक हिंसा का मामला सामने आया है। लाठी, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से लैस हमलावरों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में भाजपा कार्यकर्ता शमशेर खान की मौत हो गई, जबकि एक अन्य कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया है।
स्थानीय निवासियों और भाजपा समर्थकों का आरोप है कि हमलावर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़े हुए थे। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है।
भाजपा का प्रदर्शन और पुलिस बल तैनात
हत्या की खबर मिलते ही मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता एकत्र हो गए। भाजपा नेताओं ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है और स्पष्ट किया है कि जब तक सभी हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे शव को घर नहीं ले जाएंगे।
अस्पताल और आसपास के संवेदनशील इलाकों में बिगड़ती स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और संदिग्धों की तलाश जारी है।