शारदीय नवरात्र के पावन दिन चल रहे हैं और ऐसे में व्रत के दौरान कुछ चटपटा और अलग खाने का मन होना बेहद स्वाभाविक है। अगर आप भी मोमोज के शौकीन हैं और व्रत में बाहर की चीजें नहीं खा सकते, तो उदास होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है! इस नवरात्र आप घर पर ही बिल्कुल आसान तरीके से साबूदाना और पनीर से बने फलाहारी मोमोज तैयार कर सकते हैं। यह व्रत के नियमों के अनुकूल भी हैं और खाने में बेहद स्वादिष्ट भी लगते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी।
सामग्री
आटे के लिए:
-
1 कप साबूदाना
-
1 उबला हुआ आलू
-
आधा चम्मच सेंधा नमक
-
1 चम्मच तेल या घी
स्टफिंग के लिए:
-
1 कप कद्दूकस किया हुआ पनीर
-
1 बारीक कटी हरी मिर्च
-
आधा इंच कद्दूकस किया हुआ अदरक
-
2 चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
-
आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर
-
स्वादानुसार सेंधा नमक
साबूदाना मोमोज बनाने की विधि
-
आटा तैयार करें: सबसे पहले साबूदाने को मिक्सर में पीसकर बारीक पाउडर बना लें। अब एक बर्तन में इस पाउडर को लें और इसमें उबले हुए आलू को अच्छी तरह मैश करके मिला लें। इसके बाद इसमें थोड़ा सा सेंधा नमक और गुनगुना पानी डालते हुए मुलायम आटा गूंथ लें। अब इस आटे को 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि साबूदाना अच्छी तरह फूल जाए।
-
चटपटी स्टफिंग बनाएं: एक बाउल में कद्दूकस किया हुआ पनीर, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, काली मिर्च पाउडर और सेंधा नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। आपकी स्वादिष्ट और व्रत-फ्रेंडली स्टफिंग तैयार है।
-
मोमोज को दें आकार: साबूदाना के गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें। इन्हें हाथों या बेलन की मदद से पूरी के आकार में बेल लें। अगर बेलने में परेशानी आए, तो आप प्लास्टिक शीट का इस्तेमाल कर सकती हैं। अब इसके बीच में एक चम्मच पनीर की स्टफिंग रखें और किनारों को आपस में मिलाते हुए मोमोज का मनचाहा आकार दें।
-
भाप में पकाएं: एक स्टीमर या मोमोज वाले बर्तन में पानी गर्म करें। स्टीमर की प्लेट को थोड़े से घी से अच्छी तरह ग्रीस कर लें और सभी मोमोज को थोड़ी-थोड़ी दूरी पर रख दें। इन्हें ढककर 10 से 12 मिनट तक मध्यम आंच पर भाप में पकने दें। जब साबूदाना की बाहरी परत हल्की पारदर्शी और चमकदार दिखने लगे, तो समझ लें कि आपके फलाहारी मोमोज बिल्कुल तैयार हैं।
इन गर्मा-गरम साबूदाना-पनीर मोमोज को व्रत वाली हरी चटनी के साथ परोसें और अपने व्रत के दिनों का पूरा लुत्फ उठाएं!