बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब अब एक शक्तिशाली चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है, जिसे मौसम विभाग ने ‘चक्रवात अक्वान’ नाम दिया है। इस समुद्री तूफान का असर अब छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी साफ दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, 20 नवंबर को प्रदेश के बस्तर संभाग के कई जिलों में बारिश होने की प्रबल संभावना है। खासतौर पर सुकमा और बीजापुर जिलों में मध्यम से भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तट से टकराएगा तूफान मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, चक्रवात अक्वान 20 नवंबर की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के नेल्लौर और तूनी के बीच तट से टकरा सकता है। लैंडफॉल के समय हवाओं की सामान्य रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की उम्मीद है, जबकि इसके झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। इसी हलचल का सीधा असर दक्षिण छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ेगा। 20 नवंबर को सुकमा और बीजापुर में तेज बारिश के साथ करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, बस्तर संभाग के बाकी हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। खराब मौसम की इस चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने किसानों और स्थानीय लोगों को पूरी तरह सतर्क रहने की सलाह दी है।
रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में भी दिखेगा असर इस चक्रवाती तूफान का प्रभाव सिर्फ बस्तर तक ही सीमित नहीं रहेगा। मौसम विभाग का मानना है कि 20 और 21 नवंबर को रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के भी कुछ हिस्सों में मौसम करवट लेगा और हल्की बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इन इलाकों में फिलहाल भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं दी गई है।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा में सबसे ज्यादा सतर्कता चक्रवात अक्वान का सबसे गंभीर असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के समुद्र तटीय क्षेत्रों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। ओडिशा के कई जिलों में 19 से 21 नवंबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। तूफान के चलते समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिसे देखते हुए मछुआरों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अगले कुछ दिनों तक समुद्र में न जाएं।