रायपुर: छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गई हैं. शुक्रवार को बलौदाबाजार में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जब वे वापस रायपुर लौट रही थीं, तभी खरोरा थाना क्षेत्र के बंगोली के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई. इस दुर्घटना में सांसद के हाथ में गंभीर चोट आई है और शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार उनकी कलाई के पास फ्रैक्चर हुआ है. बेहतर उपचार के लिए उन्हें तत्काल रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है.
हादसे के वक्त कार में सांसद लक्ष्मी वर्मा के साथ उनके बेटे, गनमैन और ड्राइवर सहित कुल चार लोग सवार थे. इस टक्कर में ड्राइवर और गनमैन को भी चोटें आई हैं. जानकारी के मुताबिक ड्राइवर के पैर में चोट लगी है, हालांकि उनकी स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से सांसद की चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया.
सांसद के परिचित अनुपम अग्रवाल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को जानकारी देते हुए बताया कि लक्ष्मी वर्मा की हालत फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर है. एम्स के डॉक्टरों की विशेष टीम उनके हाथ की चोट का इलाज कर रही है.
इस खबर के सामने आते ही प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चिंता की लहर दौड़ गई. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से सांसद के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए लिखा, “राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा के सड़क दुर्घटना में घायल होने का समाचार प्राप्त हुआ. प्रभु श्रीराम से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.”
वहीं, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने अपने संदेश में कहा कि रायपुर-खरोरा मार्ग पर हुए इस सड़क हादसे में सांसद लक्ष्मी वर्मा और अन्य लोगों के घायल होने की सूचना बेहद दुखद है, और वे ईश्वर से सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की प्रार्थना करते हैं.
फिलहाल खरोरा थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी अन्य वाहन की क्या भूमिका रही.