मुख्यमंत्री ने किया ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ की ट्रॉफी का अनावरण

छत्तीसगढ़ तेजी से देश के एक प्रमुख खेल गंतव्य के रूप में उभर रहा है। प्रदेश में खेलों की आधारभूत संरचना का विकास, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर प्रदान करने तथा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी से छत्तीसगढ़ की खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिली है। नवा रायपुर में प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े टूर्नामेंट का आयोजन इस विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर के फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह टूर्नामेंट आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगा और नवा रायपुर को देश-विदेश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और देश-विदेश से आए प्रोफेशनल गोल्फ खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर 1983 क्रिकेट विश्व कप विजेता कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष श्री कपिल देव की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने खुद गोल्फ खेलते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया, जिससे खेल प्रेमियों और अतिथियों में जोश देखने को मिला। 132 प्रोफेशनल खिलाड़ियों की भागीदारी, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं, छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर देश-विदेश के श्रेष्ठ गोल्फ खिलाड़ियों का प्रदेश में आना खेलों के लिए बेहतर माहौल का परिचायक है।

उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के आयोजन केवल खेल तक सीमित नहीं रहते, बल्कि इससे प्रदेश की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होती है, खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलता है, और स्थानीय युवा विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को देखकर प्रेरित होते हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ में विभिन्न खेलों के बड़े आयोजन नियमित रूप से हों और प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिल सके।