धान खरीदी का भव्य आगाज: सेंदरी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं धान तौलकर की शुरुआत, कम उपज बेचने वाले किसानों को भी मिलेगी पूरी सहायता राशि

रायपुर, 16 नवंबर 2026

बिलासपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज ग्राम सेंदरी स्थित धान उपार्जन केंद्र में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रदेश में धान खरीदी महाभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने न केवल इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा की, बल्कि स्वयं धान तौलकर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की। किसानों ने भी अपने मुखिया का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए धान से उनका तुलादान किया। मुख्यमंत्री ने उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परिसर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

किसानों के हित और समृद्धि के लिए सरकार प्रतिबद्ध कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने सेंदरी की पावन धरती से इस अभियान की शुरुआत को अपना सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी कर रही है। किसानों को अपनी उपज बेचने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए प्रदेश में 360 नए उपार्जन केंद्र खोले गए हैं, जिससे अब राज्य में कुल खरीदी केंद्रों की संख्या लगभग 3100 हो गई है।

कम उपज होने पर भी नहीं होगा आर्थिक नुकसान किसानों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि कोई पात्र किसान किसी कारणवश निर्धारित अधिकतम सीमा (21 क्विंटल) से कम धान बेच पाता है, तो भी उसे उसके सत्यापित रकबे के आधार पर पूरी आदान सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा, “मैं स्वयं एक किसान का बेटा हूं और खेती-किसानी की चुनौतियों को भलीभांति समझता हूं। मौसम की मार या कम उत्पादन के कारण कई बार किसान पूरी मात्रा में धान नहीं बेच पाते, लेकिन हमारी सरकार उन्हें किसी भी तरह का आर्थिक नुकसान नहीं होने देगी।”

इसे उदाहरण से समझाते हुए उन्होंने बताया कि यदि कोई पात्र किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचता है, तब भी उसे शेष 6 क्विंटल के बराबर आदान सहायता का लाभ मिलेगा। इस तरह हर पात्र किसान को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की पूरी निर्धारित सहायता राशि मिलना सुनिश्चित होगा।

पहले ही दिन खरीदा गया 52 क्विंटल धान सेंदरी सेवा सहकारी समिति में शुभारंभ के पहले दिन तीन किसानों—श्री खेमचरण पटेल (24.80 क्विंटल), श्री संदीप ध्रुव (20.80 क्विंटल) और श्री संजय यादव (6.40 क्विंटल)—से कुल 52 क्विंटल मोटा सरना धान खरीदा गया। गौरतलब है कि इस समिति से सेंदरी, रमतला, कछार, गतौरी, अमतरा और नवगंवा के कुल 1,149 किसान जुड़े हुए हैं।

इस गरिमामय अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल, श्री सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष श्री राजा पांडे, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, पूर्व सांसद श्री लखन लाल साहू और सहकारी बैंक अध्यक्ष श्री रजनीश सिंह सहित संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर, एसएसपी एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व किसान उपस्थित रहे।