उत्तराखंड के ऋषिकेश (टिहरी गढ़वाल) में मंगलवार, 17 नवंबर की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे (खाई) में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीमों ने अब तक करीब 20 घायलों को खाई से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए टिहरी की जिलाधिकारी निकिता खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। इसके साथ ही, सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमों को भी मौके पर भेजा गया है, ताकि बचाव अभियान में तेजी लाई जा सके। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस बल और एसडीआरएफ की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।