एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी: भारतीय हॉकी टीम ने साउथ कोरिया को 3-2 से हराया

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में इस 6 देश हिस्सा ले रहे हैं। इस टूर्नामेंट में भारतीय हॉकी टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। टीम इंडिया ने राउंड रोबिन मैच में साउथ कोरिया को 3-2 से हरा दिया। टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और साउथ कोरिया को पटखनी दी। इससे पहले मलेशिया के खिलाफ जापान की हार के साथ ही टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है।
भारत के लिए इन खिलाड़ियों ने किया कमाल
भारत की ओर से मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम में निलाकांता शर्मा (छठे मिनट), हरमनप्रीत सिंह (23वें मिनट) और मनदीप सिंह (33वें मिनट) ने गोल दागे। कोरिया की ओर से किम सुंगह्युन ने 12वें मिनट जबकि यैंग जीहुन ने 58वें मिनट में गोल किया। भारत ने मैच की अच्छी शुरुआत की। निलाकांता ने छठे ही मिनट में भारत को बढ़त दिलाई। शमशेर सिंह ने अच्छा मूव बनाते हुए गेंद सुखजीत के पास पहुंचाई जिन्होंने दो डिफेंडर को छकाते हुए गेंद को निलाकांता के पास पहुंचा दिया। निलकांता ने गेंद को गोल में डालने में कोई गलती नहीं की। भारत को हालांकि जश्न मनाने का अधिक समय नहीं मिला और कोरिया ने छह मिनट बाद ही सुंगह्युन के गोल की बदौलत बराबरी हासिल कर ली।