इस शहर को शोधकर्ताओं ने दुनिया के सबसे अधिक प्रदूषित शहरों की सूची में रखा

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता को शोधकर्ताओं ने दुनिया के सबसे अधिक प्रदूषित शहरों की सूची में रखा है।
दुनिया के तमाम शहर भयंकर प्रदूषण की चपेट में हैं। कई शहरों की हालत तो इतनी बदतर हो गई है कि वहां रहकर सांस ले पाना तक मुश्किल हो गया है। एक ताजे अध्ययन के मुताबिक इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता को दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर करार दिया गया है। जांचकर्ताओं ने इंडोनेशिया की राजधानी को सबसे दूषित पाया है। इसका आकलन स्विटजरलैंड की वायु गुणवत्ता प्रौद्योगिकी कंपनी द्वारा किया गया है। जकार्ता को सबसे प्रदूषित शहर करार दिए जाने के बाद शुक्रवार को अधिकारियों ने कहा कि वायु प्रदूषण का मुख्य कारण शुष्क मौसम और मोटर वाहनों से निकलने वाला धुआं है।
दुनिया के चौथे सबसे अधिक आबादी वाले देश की राजधानी जकार्ता में पिछले कुछ महीनों से हर सुबह घना धुआं और धूलभरा आसमान दिखाई देता है। स्विटजरलैंड स्थित ‘आईक्यूएयर’ की हालिया रैंकिंग के अनुसार जकार्ता दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में नियमित रूप से शीर्ष पर है। जकार्ता पर्यावरण एजेंसी के प्रमुख एसेप कुस्वांटो ने शुक्रवार को एक सम्मेलन में कहा, “वास्तव में, 2023 में अब तक जकार्ता की वायु गुणवत्ता की स्थिति में काफी उतार-चढ़ाव आया है।” इंडोनेशिया में फिलहाल मौसम शुष्क है, जो जुलाई से सितंबर तक चलता है।